ताजा न्यूज़

मित्रों.... जब सियासत साम्प्रदायिक मोड़ ले और राजनेता सियासी रोटियां सेंकने की कुचेष्टा करें तो यह निश्चित रूप से स्वस्थ समाज के लिए घातक होता है। यह मैं नहीं कह रहा हूं बल्कि इस बात का इतिहास साक्षी है। राजनीतिक साम्प्रदायिकता के कारण ही आज समाज में हिन्दु - मुस्लिम बंटे हुए हैं। मेरा मानना है कि हिन्दुस्तान में कोई भी शक्ति अथवा व्यक्ति संविधान और कानून से ऊपर नहीं है। ऐसे में हमें देश की न्याय पालिका पर भरोसा करना चाहिए, लेकिन कटु सत्य यह है कि राजनीति करने वालों ने हमें हिन्दू मुस्लिम की दो विपरीत धाराओं में विभाजित कर दिया है और हम उसी ओर चले जा रहे हैं।... पत्रकार समाजसेवक होता है और उसकी यह जिम्मेदारी बनती है कि सामाजिक वातावरण में जब विद्रूपता का ज़हर घुलने लगे और राजनेता अपनी रोटियां सेंकने के लिए साम्प्रदायिक माहौल खराब करने की कोशिश करें, तो पत्रकार लोगों को सजग और सचेत करे। आज के परिवेश में देश की राजनीति हिन्दू बनाम मुसलमान की हो चुकी है और ऐसा करने वाले हैं हमारे देश के महान राजनेता ! कितनी बड़ी विडंबना है कि जिस मुल्क में तमाम जाति - धर्म के लोग रहते हैं, उन्हें रेल की पटरियों की तरह मोड़कर राजनीति की जाती रही है। हम त्योहार मनाते हैं तो गलत करते हैं और वे साम्प्रदायिकता का ज़हर घोलते हैं तो अच्छा करते हैं? क्या यह न्यायोचित है ? ये बहुत ही गंभीर बात है।
        मुसलमानों को चुनावों में कुछ राजनीतिक दलों के नेताओं द्वारा डराया जाता रहा है कि 'हम ही मुसलमानों के सच्चे हमदर्द और मसीहा हैं, इसलिए हमारे ही पल्लू से बंधे रहना। अगर मुसलमान बंटे, तो भाजपा आ जाएगी !.... इनकी लाख कोशिशों के बाद भी भाजपा आ गयी। देश की सत्ता पर मोदी जी को आसीन हुए पौने तीन साल हो गए। क्या मैं जान सकता हूं कि इस दौरान देश में कितने दंगे हुए ? क्या मुझे कोई यह बता सकता है कि भाजपा ने कितने हिन्दुस्तानी मुसलमानों को पाकिस्तान भेज दिया ?.... भाजपा भी संविधान और कानून के दायरे में ही काम कर सकती है, जिस दिन कोई भी राजनीतिक दल अथवा राजनेता कानून से खिलवाड़ करने की कोशिश करेगा, उस दिन देश को एक और क्रांति का सामना करना पड़ेगा, इसका इतिहास गवाह है। इसलिए मेरा उन राजनेताओं से विनम्र अनुरोध है, जो मुसलमानों को बीजेपी का खौफ दिखाकर राजनीति करते आए हैं कि, हे देश की महान आत्माओं हमें अपने हिसाब से राजनीति की दिशा तय करने दो! हम न भाजपा से डरते हैं और न कांग्रेस, सपा या बसपा के गुलाम हैं। हम आज़ाद हिन्दुस्तान के रहने वाले, आज़ाद मुसलमान हैं......... जय हिंद...... जय हिन्दुस्तान !!

Comments