पारिवारिक कलह के चलते युवक ने फाँसी लगाकर दी जान


पारिवारिक कलह के चलते युवक ने फांसी लगाकर दी जान अनाथ हो गया तीन माह का बच्चा 

गोण्डा। पारिवारिक कलह से तंग आकर आज एक युवक ने आम के पेड़ पर चढ़कर रस्सी से फांसी लगा ली और कूद गया। सुबह खेत में गये लोगों ने पेड़ से लाश झूलती देखी। सूचना पाकर थानाध्यक्ष परमानन्द तिवारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और लाश को नीचे उतरवाए। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
         मोतीगंज थाना क्षेत्र के छाछपारा कानूनगो निवासी शिव जनम मिश्रा के करीब 25 वर्षीय पुत्र देव नरायन की लाश सोमवार की सुबह गांव के उत्तर दिशा में खेत में स्थित एक आम के पेड़ पर रस्सी के सहारे झूलती हुई देखी गयी। यह खबर जंगल में लगी आग की तरह गांव के साथ ही पूरे इलाके में फैल गयी। घटनास्थल पर सैकड़ों की संख्या में भीड़ इकट्ठा हो गई। इसकी सूचना मोतीगंज पुलिस को दी गयी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष परमानन्द तिवारी, एसआई विजय प्रताप सिंह, हमराही सिपाही सुरेन्द्र व अतुल मिश्रा के साथ मौके पर पहुंचे और पेड़ की डाल पर झूल रहे शव को नीचे उतरवाए। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
       बताया जाता है कि मृतक देव नरायन के करीब 3 माह का एक लड़का है। पिता की मौत के बाद वह अनाथ हो गया है। पत्नी के साथ ही दुधमुंहे बेटे का भी भविष्य अंधकारमय सा हो गया है। बताया जाता है कि वह बंटवारा कर अपने पिता से अलग रह रहा था। सूत्रों के अनुसार मृतक नशेड़ी प्रवृत्ति का होने के कारण हमेशा तनाव में रहता था। वह बात – बात पर अपनी पत्नी को बुरी तरह मारता पीटता था। कहा जाता है कि बेरोजगार होने के कारण भी वह हर समय तनाव में रहता था। माता- पिता से भी उसका छत्तीस का आंकड़ा था। उनके लाख मना करने के बावजूद वह नशे की लत छोड़ नहीं पा रहा था। और शायद यही उसकी मौत की वजह भी बनी। सूत्र बताते हैं कि नशे की लत को लेकर आएदिन पति पत्नी में तकरार होती रहती थी। रविवार को भी परिवार में झगड़ा होने की बात कही जा रही है। थानाध्यक्ष परमानन्द तिवारी ने बताया कि मृतक देव नरायन नशेड़ी था। वह गांजा, भांग, शराब सहित अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करता था, जिससे हर समय तनाव में रहता था। शायद, उसके फांसी लगाने की यही वजह है। थानाध्यक्ष ने हत्या की आशंका को सिरे से खारिज कर दिया। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का खुलासा हो सकेगा।

Comments